संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बाल कल्याण समिति ने नाबालिग बेटी की शादी करने पर उसके पिता और दादा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। समिति ने पुलिस से कहा है कि नाबालिग किशोरी और उसके पिता को दर्ज एफआईआर के साथ बाल कल्याण समिति के सामने पेश करें।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. अरुण प्रकाश सिंह, सदस्य नंद किशोर पाठक, अजयपाल गुप्ता, सविता और नवीन कुमार की ओर से सहसवान कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है। समिति के अध्यक्ष के मुताबिक 22 जून को उन्हें पता चला कि बिल्सी थाना क्षेत्र के एक गांव और सहसवान के एक गांव के हाल निवासी दो लोगों ने 16 जून 2023 को अपनी 16 वर्षीय बेटी का विवाह कासगंज जिले के एक गांव निवासी किशोर के साथ कर दिया था। शादी के बाकायदा कार्ड भी छपवाए गए थे। इसी मामले में किशोरी के पिता और दादा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।