उघैती। झोलाछाप के इलाज से शनिवार को उघैती में महिला की मौत हो गई थी। रविवार को पुलिस ने तहरीर के आधार पर झोलाछाप अनिल सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की है।
थाना क्षेत्र के गांव घंसोली निवासी प्रेमवती (55) पत्नी रामप्रकाश को सर्दी-जुकाम था। वह शनिवार सुबह अपने बेटे वीरेश के साथ बाइक पर दवा लेने उघैती के झोलाछाप अनिल सिंह की क्लीनिक पर आईं थीं। वीरेश के मुताबिक, झोलाछाप ने उन्हें दवा दी और एक इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी मां की मौत हो गई। झोलाछाप दुकान बंद करके भाग गया। इंस्पेक्टर राजेश कौशिक का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे जेल भेजा जाएगा।
बच्चे की मौत पर परिजनों ने नहीं दी तहरीर
दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव दियोरी निवासी अनमोल (12) पुत्र अशोक शर्मा को शनिवार सुबह सिर में हलका दर्द हुआ था। परिवार वालों का कहना है कि सपरेड़ा गांव में एक झोलाछाप मेडिकल स्टोर के साथ क्लीनिक चला रहा है। परिवार वाले अनमोल को उसके पास ले गए। इस पर उसने कुछ दवा दी और एक इंजेक्शन लगाया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
रविवार को झोलाछाप और परिजनों के बीच समझौता हो गया। इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ का कहना है कि परिजनों ने कार्रवाई न करने की बात लिखकर दी है। संवाद
स्वास्थ्य विभाग ने नहीं लिया संज्ञान
जिले में झोलाछाप के इलाज से एक दिन में दो मौत होने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने कोई संज्ञान नहीं लिया। कार्रवाई तो दूर जांच करने के लिए टीम तक गठित नहीं की गई। इसी लापरवाही के चलते जिले में झोलाछापों की बाढ़ आ रही है। ऐसे मामलों में प्रशासन और शासन को विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई करनी चाहिए तभी इस तरह के मामले रुक सकते हैं। सीएमओ डॉ. अब्दुल सलाम का कहना है कि संबंधित चिकित्साधिकारियों को बताया गया था। क्या कार्रवाई की, अभी अवगत नहीं कराया है।