बदायूं। स्काउट भवन में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत विज्ञान प्रदर्शनी लगी। इसमें छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने मॉडल का प्रदर्शन किया। बीएसए ने छात्र-छात्राओं के द्वारा निर्मित मॉडलों का अवलोकन किया। उसकी क्रियाविधि व उपयोगिता संबंधी छात्र-छात्राओं से प्रश्न किए।
चयनकर्ताओं के द्वारा पवन चक्की का मॉडल बनाने वाली उच्च प्राथमिक विद्यालय बक्सर सहसवान की रेनू यादव को प्रथम, इलेक्ट्रिक डैम का मॉडल बनाने वाली संविलियन विद्यालय पलिया लट्टू दातागंज की रेनू राठौर को द्वितीय, स्मार्ट सिंचाई पंप का मॉडल बनाने वाली उच्च प्राथमिक विद्यालय देहमू उझानी की जागृति को तृतीय स्थान मिला। इनको क्रमश: 10 हजार, साढ़े सात हजार और पांच हजार की धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया।
बीएसए स्वाति भारती ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में अपार प्रतिभा है। जरूरत है कि उचित मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें श्रेष्ठ नागरिक बनाया जाए। इस मौके पर जिला समन्वयक विज्ञान क्लब विवेक जौहरी, डाइट प्रवक्ता अमित शर्मा, एआरपी विज्ञान फरहत हुसैन आदि मौजूद रहे।