बदायूं। बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियाें को बेहतर प्रदर्शन रहे, इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने अपनी ओर से प्रयास किया है। विभाग के आदेश पर जिले भर के स्कूलों में जनवरी में उपचारात्मक कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इसके तहत शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ाई में आ रही दिक्कतों को दूर करेंगे।
बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। 2023-24 में होने वाली परीक्षाओं के लिए बोर्ड की ओर से उपचारात्मक कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए गये हैं। इसके लिए कक्षावार विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। सचिव नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि परीक्षा में विद्यार्थी बेहतर अंक ला सकें। इसके लिए स्कूलों विद्यार्थियों की कमजोरी का पता लगाकर परीक्षा से पहले उसे दूर करने का प्रयास करेंगे।
इसमें खासतौर पर गणित, विज्ञान, वाणिज्य समेत अन्य विषयों में भी विद्यार्थियों की कमी का पता लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिक्षक कक्षा में ही विद्यार्थियों की कमी को दूर करने का प्रयास करेंगे। साथ ही समस्या आने पर अलग से समय देकर भी विद्यार्थियों को समझाया जाएगा। इस संबंध में डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि विभाग की तरफ से जो निर्देश दिये जा रहे हैं। उनका पालन कराया जाएगा। उपचारात्मक कक्षाएं संचालित होने से विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा।