बदायूं। बुधवार रात से बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे तक हुई झमाझम बारिश का पानी बिजली उपकेंद्रों में भी घुस गया। इससे दबतोरी के 10 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही। उझानी उपकेंद्र में पानी भरने से कस्बे में तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ गई। ऐसे ही बिनावर और बिसौली में कई घंटे तक लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा है। बिल्सी में 33 केवीए लाइन पर बिजली गिर गई, जिससे कई इंसुलेटर जल गए। 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही है।
ब्रेकडाउन से बिल्सी नगर की 12 घंटे ठप रही आपूर्ति
बिल्सी। 132 सब स्टेशन उझानी से नगर क्षेत्र के बिजलीघर को आ रही 33 केवीए मेनलाइन पर सुबह तेज बरसात में गांव सिरासौल के निकट बिजली गिर गई। लाइन ब्रेकडाउन में चली गई, जिसकी वजह से नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब 12 घंटे ठप रही। कस्बे के 20 हजार लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम छह बजे बिजली आपूर्ति सुचारु होने के बाद लोगों को कुछ राहत मिली। संवाद
उपकेंद्र में घुसा बारिश का पानी, तीन घंटे ठप रही आपूर्ति
उझानी। बृहस्पतिवार तड़के तेज बारिश की वजह से बिजली उपकेंद्र परिसर में पानी भर गया। बारिश का पानी ट्रांसफार्मरों के आसपास पहुंचा तो ब्रेक डाउन कर दिया गया। करीब तीन घंटे तक पूरे कस्बे की आपूर्ति रोक दी गई। 20 हजार से अधिक लोग प्रभावित रहे। ट्रांसफार्मरों के आसपास पानी उतरने पर ही आपूर्ति शुरू हुई। एसएसओ रजनीश कुमार ने बताया कि बारिश का पानी भरा होने के दौरान आपूर्ति शुरू कर दी जाती तो केबल बॉक्स फुंक सकते थे। संवाद
बारिश शुरू होते ही दस गांव की बिजली गुल
दबतोरी। बारिश शुरू होने के साथ ही क्षेत्र के गांव दबतोरी, दबतोरा, ललुआ नगला, मुसिया नगला, करेंगी, दौलतपुर सहित करीब दस गांवों को विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। करीब 20 हजार लोग प्रभावित रहे। आसफपुर के अवर अभियंता मनोज भारद्वाज ने बताया कि सभी फीडरों की मुख्य लाइनों को बृहस्पतिवार सुबह दस बजे चालू कर दिया गया है। रामपुर टाउन के कौरारा गांव की बिजली लाइन पर देर शाम आपूर्ति बहाल हो सकेगी। संवाद
बिजली घर में पानी, 104 गांवाें की आपूर्ति ठप
बिनावर। बारिश की वजह से कस्बा में लगे 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र की मशीनों तक पानी पहुंच गया। क्षेत्र के 104 गावों की बिजली रात एक बजे ठप हो गई। एक लाख से अधिक लोगों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। देर शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। जेई सतीश ने बताया कि बिजली घर का पानी साफ होने के बाद मशीन सूख जाएगी, तभी बिजली आपूर्ति शुरू की जा सकती है। इसके लिए इंतजार करना होगा। अगर बारिश न हुई तो शुक्रवार को बिजली आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। संवाद
बिजली ठप, एक लाख की आबादी प्रभावित
बिसौली। भारी बारिश के चलते तृतीय विद्युत वितरण खंड पूरी तरह जलमग्न हो गया। क्षेत्र की बिजली नौ घंटे तक ठप रही। क्षेत्र के सौ गावों के एक लाख से अधिक लोग प्रभावित रहे। यहां बता दें कि नाले चोक होने और पानी का निकास न होने पर बिजली घर में हर बार पानी भर जाता है। सुबह दस के बाद बिजली आपूर्ति मिल सकी। संवाद
बिजली गिरने से मुजरिया उपकेंद्र का कंट्रोल रूम जला, 200 गांवों में अंधेरा
बदायूं। मुजरिया विद्युत उपकेंद्र में बृहस्पतिवार सुबह बिजली गिरने से कंट्रोल रूम का पैनल जल गया, जिससे ज्योरा पारवाला और मिर्जापुर फीडर के 200 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे हुआ।
बिजली उपकेंद्र के 33 केवी पैनल के वायर पर गिर गई, जिससे काफी चिंगारी निकली। उससे इंसुलेटर और डिस्क पंक्चर हो गए। कंट्रोल रूम में आग लग गई। यह देखकर तैनात कर्मचारी शिवा और हरवीर ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिशासी अभियंता अश्वनी कुमार वर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति दूसरे फीडर से जुड़वा दी गई है। मरम्मत कार्य जारी है। संवाद
अभियंता आठ दिन में ट्रांसफार्मर नहीं बदलवा सके
दातागंज। समरेर के बराही गांव में नलकूप का ट्रांसफार्मर 18 जून को दोपहर 2 बजे फुंक गया था आठ दिन बाद भी नहीं बदला गया। स्थिति तब है जब मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी ने अधिकतम 72 घंटे में ट्रांसफार्मर बदले जाने के आदेश दिए हैं। गांव के किसान ज्ञानचंद्र सक्सेना ने बताया कि उन्होंने 18 जून को ही क्षेत्रीय कर्मचारियों को अवगत कराया था, लेकिन कोई कर्मचारी देखने तक नहीं आया। जेई से लेकर कई अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं पर ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका है। आखिर कितना इंतजार किया जाए। संवाद