बदायूं में दो दिन से हो रही बारिश अब आफत बनने लगी है। मंगलवार दोपहर और बुधवार सुबह हुई भारी बारिश के चलते जहां जलभराव की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं शहर में कई स्थानों पर दीवारें और मकान ढहने की घटनाएं भी हुईं। गनीमत रही कि इनकी चपेट में आने से कोई जनहानि नहीं हुई। मंगलवार दोपहर करीब आधा घंटा तक शहर में भारी बारिश हुई थी। इससे कई इलाके जलमग्न हो गए। दुकानों में भी पानी घुस गया। बाजारों में दुकानों के साथ कई मोहल्लों में घरों में भी पानी घुस गया। दिन में हुई बारिश की वजह से शहर में जागीपुरा स्थित डॉ. आईपी गुप्ता के क्लीनिक के पास एक बंद पड़ी पुरानी कोठी की करीब पांच मीटर दीवार ढह गई। स्टेशन रोड स्थित एसके इंटर कॉलेज की भी करीब तीन मीटर दीवार ढह गई। इससे कॉलेज के भीतर नाले का गंदा पानी घुस गया। पनबड़िया मोहल्ले में बारिश की वजह से असलम का मकान ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त परिवार के लोग पड़ोसी के घर में थे। अगर ऐसा न होता तो बड़ी घटना हो सकती थी। बारिश की वजह से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। टिकटगंज मोहल्ले में भी एक पुराने मकान की दीवार ढह गई।