(21 बीडीएन-14)बिसौली रोड पर कोल्ड स्टोर में मिला अजगर।संवाद
बदायूं। शहर के कोल्ड स्टोर में मंगलवार दोपहर एक दस फुट लंबा अजगर निकला, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंचे पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा ने उसको पकड़ा। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी है। अब बुधवार को अजगर कादरचौक या कछला के जंगल में छोड़ा जाएगा।
मंगलवार दोपहर शहर के सरदार पटेल चौराहे के पास कोल्ड स्टोर में कुछ मजदूर काम कर रहे थे। मजदूरों के मुताबिक कोल्ड स्टोर में खाली बोरियां रखने का एक स्टोर बना है। उसमें बोरियों के कई बंडल रखे थे। स्टोर रूम में कहीं से एक दस फुट लंबा अजगर आ गया।
दोपहर में मजदूर खाली बोरियां लेने पहुंचे। जब उन्होंने बोरियों का बंडल हटाया तो अजगर देखकर बाहर निकल आए। उनके शोर मचाने पर कई लोग आ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों और पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा को दी। इससे विकेंद्र शर्मा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कुछ लोगों की मदद से अजगर पकड़ लिया। इस दौरान अजगर ने उनके हाथ में काट भी लिया।