बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल टनकपुर-कासगंज के बीच एक अप्रैल से पूर्णागिरि मेला विशेष ट्रेन का संचालन शुरू करने जा रहा है। टनकपुर-कासगंज के बीच 225 किमी की दूरी यह ट्रेन सात घंटे में पूरी करेगी। प्रारंभिक और अंतिम स्टेशन के बीच 33 स्टेशनों पर टनकपुर-कासगंज-टनकपुर मेला विशेष ट्रेन का ठहराव होगा।
उत्तराखंड के टनकपुर में पूर्णागिरि में हर वर्ष मेला लगता है। मथुरा, हाथरस, आगरा, एटा, कासगंज, बदायूं आदि जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेले में जाते हैं। टनकपुर-कासगंज के बीच अभी कोई नियमित ट्रेन नहीं है। इस रूट पर टनकपुर-मथुरा जंक्शन विशेष ट्रेन का संचालन सप्ताह में पांच दिन किया जाता है। ऐसे में मेला के दौरान रेलवे विशेष ट्रेन चलाएगा। कासगंज-टनकपुर (05451) मेला विशेष ट्रेन प्रतिदिन कासगंज से सुबह पांच बजे चलने के बाद 6:30 बजे बदायूं आएगी। 7:49 बजे बरेली जंक्शन, 8:05 बजे बरेली सिटी, 8:20 बजे इज्जतनगर, 8:50 बजे भोजीपुर,10:05 बजे पीलीभीत और 11:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी।
टनकपुर-कासगंज (05452) मेला विशेष ट्रेन प्रतिदिन दोपहर 2:20 बजे टनकपुर से चलने के बाद बनबसा, खटीमा होते हुए चार बजे पीलीभीत पहुंचेगी। इसके बाद शाम 5:01 बजे भोजीपुरा, 5:22 बजे इज्जतनगर, 5:45 बजे बरेली सिटी, 6:25 बजे बरेली जंक्शन, रात आठ बजे बदायूं होते हुए रात 9:45 बजे कासगंज पहुंचेगी।
घटपुरी के स्टेशन अधीक्षक चंद्रभूषण प्रसाद ने बताया कि यह ट्रेन कासगंज सिटी, गंगागढ़ हाल्ट, सोरों, मानपुर नगरिया, कछला ब्रिज, कछला हाल्ट, वितरोई, उझानी, शेखूपुर, बदायूं, मल्लननगर, घटपुरी, करतौली, मकरंदपुर, बमियाना, रामगंगा, बरेली जंक्शन, बरेली सिटी, इज्जतनगर, दोहना, भोजीपुरा, दिबनापुर, सैंथल, बिजौरिया, शाही, ललौरीखेड़ा, पीलीभीत, न्योरिया हुसैनपुर, मझोला पकड़िया, खटीमा में वनबसा पर दोनों दिशाओं में रुकेगी। इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि मेला विशेष ट्रेन का संचालन अगले आदेश तक किया जाएगा।