बिल्सी/दातागंज। हर व्यक्ति को शुद्ध जल मिल सके, इस दिशा में जिले में लगातार काम किया जा रहा है। इसके तहत नगर पालिका दातागंज, बिल्सी और नगर पंचायत इस्लामनगर में काम कराने के लिए शासन ने बजट को मंजूरी दे दी है। इसके बाद इन जगहों पर ओवरहेड टैंक, ट्यूबवेल बनाए जाएंगे और पाइपलाइन भी डाली जाएगी। निर्माण कार्य शुरू हो गए हैं, उम्मीद है कि जल्द ही शुद्ध पानी मुहैया हो सकेगा।
शासन के निर्देश पर जल निगम की ओर से पेयजल पुनर्गठन योजना के तहत दातागंज नगर पालिका में एक ओवरहेड टैंक बनाया जाएगा। साथ ही तीन नए ट्यूबवेल भी बनाए जाएंगे। पूरे नगर में नई पाइपलाइन डाली जाएगी। इसके लिए 54 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा था। शासन ने पहली किस्त के रूप में 14 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए हैं। इसके बाद में जल निगम की की ओर से ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
बिल्सी में भी नगर पालिका तीन नए नलकूप लगाएगी। कई वार्डों में पानी की पाइप लाइन डालने के साथ 50 इंडिया मार्का हैडंपंप भी लगवाए जाएंगे। इसके लिए शासन ने 1.80 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर पहली किस्त के तौर पर 90 लाख रुपये की धनराशि जारी की है। नगर पालिकाध्यक्ष ज्ञानदेवी सागर के अनुसार, नगर के पेयजल संकट को दूर करने के लिए लगभग 85 लाख रुपये की लागत से तीन नए नलकूप लगाने की योजना तय थी।
पालिका परिसर के अलावा नगर के बाइपास मार्ग पर और तहसील परिसर में इन नए नलकूपों का बोरिंग कराया जाएगा। तहसील परिसर में नलकूप के लिए बोरिंग कार्य शुरू करा दिया है। नगर पंचायत इस्लामनगर में भी करीब 27 करोड़ की लागत से काम किया जाएगा। यहां भी एक ओवरहेड टैंक और दो ट्यूबवेल बनाए जाएंगे। इसके अलावा पूरे कस्बे में करीब 60 किलोमीटर की नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
नई पाइप लाइन से लीकेज की समस्या नहीं होगी
नई पाइप लाइन बिछाने के पीछे विभाग की मंशा है कि पुरानी पाइप लाइन का फ्लो उतना बेहतर नहीं है, क्योंंकि वह कई जगह से टूट गई थी। इसकी बार-बार मरम्मत की जा चुकी है। यह आने वाले दिनों में परेशानी में इजाफा कर सकती है। इसको ध्यान में रखते हुए पूरी पाइप लाइन को ही बदला जा रहा है। इससे समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकेगा।
-
पाइन लाइन से आता था गंदा पानी
फोटो- 9
-पुरानी पाइप लाइन से पानी आ तो रहा था, लेकिन कई बार गंदा पानी भी आ जाता था। ऐसे में जब कर्मचारी से बात की तो उन्होंने बताया कि पाइप लाइन कुछ जगह से लीक हो गई थी। इसलिए नई पाइपलाइन डालना बेहतर है। - नितेश जौहरी, दातागंज
-
बीमारी वजह अशुद्ध पानी
फोटो- 13
लोगों को शुद्ध पानी मिल सके, इससे बेहतर और क्या हो सकता है। इंसानों में बीमारी की मुख्य वजह पानी है। शुद्ध पानी नहीं मिलने पर लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। - विनोद अग्रवाल, दातागंज
पेट की बीमारियों से मिलेगी निजात
फोटो- 10
शासन का बेहतर प्रयास है कि लोगों को शुद्ध पेयजल मिल सके। अगर ऐसा होता है तो लोगों को पेट संबंधी बीमारियों से भी निजात मिल सकेगी। क्योंकि अधिकतर बीमारी पानी की वजह से होती है। -अमन, इस्लामगनर
गर्मियों में कम मिलता है पानी
फोटो- 11
सर्दियों में ज्यादा दिक्कत नहीं, लेकिन गर्मियों में कुछ जगह पानी नहीं मिल पाता है। लेकिन अब उम्मीद जागी है कि सभी जगहों पर भरपूर मात्रा में पानी मिलेगा। इससे लोगों को काफी फायदा होगा। -सौरभ, इस्लामनगर
-
बोले ईओ-
यहां पर जो पाइप लाइन अभी पड़ी हुई है, वहां काफी पुरानी थी। इसमें आए दिन लीकेज की समस्या बनी रहती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। नई पाइप लाइन डलने के बाद में लोगों काे शुद्ध पेयजल आपूर्ति मिल सकेगी। -हरीलाल पटेल, ईओ दातागंज
क्षेत्र में तमाम जगह पानी की पाइप लाइन नहीं थी। इसकी वजह से लोगों को नगर पंचायत की तरफ से जो पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, वह पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पा रहा था। अब सभी को शुद्ध पेयजल मिल सकेगा। -सलिल भारद्वाज, ईओ इस्लामनगर
कस्बे की पेजयल आपूर्ति को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है कि हर घर को स्वच्छ जल उपलब्ध कराया जाए। नगर में तीन नए नलकूप का निर्माण, 50 हैंडंपंप के साथ कई वार्डों में नई पाइप लाइन डाली जा रही है। -डाॅ. शैलेंद्र कुमार सिंह, ईओ बिल्सी