दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव कल्यानपुर में प्रियंका ने आत्महत्या नहीं, बल्कि उसकी गला दबाकर हत्या हुई थी। सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया। उसने प्रियंका की हत्या क्यों की, अभी इसका पता नहीं चला है। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है।
ग्राम कल्यानपुर में रविवार दोपहर प्रियंका (25) पत्नी सतेंद्र की मौत हो गई थी। उसका कहना था कि परिवार के सभी लोग गेहूं काटने खेत पर गए थे। इसी दौरान प्रियंका ने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। जब परिवार वाले दोपहर के समय खेत से लौटकर आए तो उन्होंने प्रियंका का शव फंदे से लटका देखा।
उन्होंने शव को फंदे से उतारकर सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन प्रियंका के मायके वाले नहीं आ पाए थे। देर शाम शाहजहांपुर के गढि़या रंगीन थाना क्षेत्र के गांव मोहटा से उसके पिता विक्रम कल्यानपुर पहुंचे और दहेज हत्या के आरोप में सर्वेश, उसके पिता ओमकार, मां गंगा देवी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी।
रात प्रियंका का शव मोर्चरी में रखवा दिया गया था। सोमवार दोपहर उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला दबाकर हत्या बताई गई। उसके बाद कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर सर्वेश को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि अभी आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं। उसने हत्या क्यों की, अभी इसका पता नहीं चला है।