उझानी (बदायूं)। खाना खाने के बाद बिल देख भड़के पीआरडी के जवान ने होटल मालिक दिव्यांग दिलीप गुप्ता को थप्पड़ जड दिया। होटल मालिक ने कोतवाली पुलिस से इसकी शिकायत की है।
किलाखेड़ा मोहल्ला निवासी दिलीप चंद्र गुप्ता का एसबीआई के पास होटल है। आरोप है कि शनिवार देर शाम कोतवाली में तैनात पीआरडी का जवान उनके होटल पर आया। खाना खाने के बाद रुपये देने के लिए उसे बिल थमाया गया तो वह गुस्से में आ गया। पहले तो दिलीप को आड़े हाथ लिया, वजह पूछने पर दिलीप को थप्पड़ जड़ दिया। दिलीप ने बताया कि आरोपी ने एक दिन पहले भी उसके होटल पर हंगामा किया था। आरोपी जवान कोतवाली क्षेत्र का ही मूल निवासी है। वह खुद को पुलिस कर्मी बताते हुए उसे पहले भी धमका चुका है। इधर, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। फिर भी वह होटल मालिक से बात कर हकीकत का पता करेंगे।
गर्डर मंगाकर लौटा नहीं रहे चौकी इंचार्ज और होमगार्ड
बिल्सी। कस्बे के मोहल्ला संख्या पांच निवासी राजीव कुमार ने एक चौकी इंचार्ज और होमगार्ड पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उसे बेवजह मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। चौकी इंचार्ज के कहने पर उसने एक दुकानदार से चार लोहे के गर्डर मंगवा कर दिए थे, अब उन्हें वापस नहीं किया जा रहा। गर्डर वापस करने के नाम पर उनसे रुपये मांगे जा रहे हैं। उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। राजीव ने इसकी मुख्यमंत्री जन सुनवाई पोर्टल पर इसकी शिकायत की है। उन्होंने राष्ट्रपति को भी पत्र भेजा है। संवाद