बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव सतेती में छह दिन पहले गांव के एक ई-रिक्शा चालक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सोमवार को पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
सतेती गांव निवासी संदीप कुमार पुत्र विजय प्रकाश और गांव के ही दूसरे ई-रिक्शा चालक फईम का आपस में किसी बात पर झगड़ा हो गया। संदीप कुमार के शरीर में कुछ अंदरुनी चोट आई। इलाज के दौरान छह मई की शाम उसकी मौत हो गई। परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर उसका पोस्टमार्टम कराया। बाद में परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते फईम समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाल केके मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी फईम को गिरफ्तार कर जेल भेद दिया है। संवाद