उझानी (बदायूं)। अहीरटोला मोहल्ले में रविवार रात कुएं में गिरे सांड़ को बाहर निकालने के लिए मंगलवार पूर्वाह्न में पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मियों को अभियान चलाना पड़ा। हिंदू जगरण मंच के पदाधिकारियों के साथ पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सांड़ को तो बाहर निकाल लिया लेकिन सांड़ बेकाबू हो गया। उसकी चपेट में आकर फायर ब्रिगेड का एक सिपाही घायल हो गया।
सांड़ को बाहर निकालने का काम पूर्वाह्न जिला मुख्यालय से फायर ब्रिगेड विभाग की टीम के पहुंचने पर शुरू हुआ। इससे पहले मोहल्ले के लोगों के साथ पालिका सदस्य सत्येंद्र कुमार गुप्ता, हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों कुलदीप शर्मा, मनीश उपाध्याय ने भी कोशिश की। मोहल्ले के ही रजत गुप्ता की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस कर्मी आमिल और कुमित कुमार ने पालिका से जेसीबी को भी बुला लिया लेकिन जब कोई सफलता नहीं मिली तो सभी ने फायर ब्रिगेड कर्मियों के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू कर दी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सांड़ को बाहर निकाल लिया गया। सांड़ बाहर निकलते ही बेकाबू हो गया। एक छोर से रस्सी के जरिए उस पर काबू पाने की कोशिश में फायर ब्रिगेड की टीम में शामिल सिपाही आनंद किशोर घायल हो गया। सिपाही की दो उंगलियां लहूलुहान हो गईं। इसके चलते सिपाही आनंद किशोर को निजी चिकित्सक के पास जाकर मरहम-पट्टी भी करानी पड़ी। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि कुएं में पानी नहीं था। अंदर गिर जाने से सांड़ भी घायल हो गया।