- दो जुलाई की रात नलकूप निर्माण खंड के कार्यालय में हुई थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। नलकूप निर्माण खंड कार्यालय में हुई चौकीदार की हत्या के मामले में पुलिस हत्यारोपियों के काफी नजदीक पहुंच गई है। इसमें चौकीदार की हत्या करने वाले दो आरोपी चिह्नित किए गए हैं। मुख्य हत्यारोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसकी गहनता से तलाश में जुटी है। अभी उसका पता नहीं चला है। अनुमान है कि पुलिस दो-एक दिन में गिरफ्तार कर लेगी।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव दौरी निरोत्तमपुर निवासी कृष्ण अवतार की दो जुलाई की रात नलकूप निर्माण खंड के कार्यालय में हत्या कर दी गई थी। कृष्ण अवतार नलकूप निर्माण खंड कार्यालय में चौकीदार था। वह रोजाना रात को अपने घर से आकर कार्यालय में सो जाता था और दिन में एक मंदिर पर जाकर काम करता था।
बताया जा रहा है कि हत्या के दूसरे दिन पुलिस ने कार्यालय से एक शराब की बोतल, तीन खाली गिलास और तीन मुरादाबादी दाल के खाली कुल्हड़ बरामद किए थे। तब से पुलिस हत्यारोपियों की संख्या दो मानती आ रही है।
बताया जा रहा है कि पुलिस इस हत्याकांड को लेकर कई बार दौरी निरोत्तमपुर गांव में दबिश दे चुकी है। इसमें चिह्नित किया गया एक आरोपी पुलिस की पकड़ में आ चुका है जबकि मुख्य आरोपी भागा हुआ है। थाना पुलिस उसको तलाश कर रही है। कृष्ण अवतार की हत्या अवैध संबंधों से जोड़कर देखी जा रही है। फिलहाल पुलिस खुलासे से पहले कुछ कहने से बच रही है।