बदायूं। रैपुरा गांव में सड़क किनारे मिले युवक के शव के मामले में पुलिस हत्या और आत्महत्या में उलझ गई है। परिवार वालों के मुताबिक हत्या हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार लटकने से जान गई। शरीर पर कोई चोट के निशान भी नहीं। अब सवाल यह उठता है कि शव सड़क किनारे कैसे आया। पुलिस इसी छानबीन में जुटी है।
उसहैत थाना क्षेत्र के गांव रैपुरा निवासी धर्मवीर का शव रविवार सुबह सड़क किनारे पड़ा मिला था। उसके पिता का आरोप था कि गांव के चार लोगों ने उसके बेटे की हत्या की और शव को लाकर सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस की अब तक की छानबीन में हत्या की पुष्टि नहीं हो रही है। युवक के साथ न तो कहीं खींचतान के निशान मिले हैं और न ही उसके शरीर पर चोट मिली है। केवल गले पर निशान पाया गया था। पुलिस मान रही है कि आत्महत्या के दौरान रस्सी कसने से आए हैं।
दूसरी ओर पुलिस पुराने मामले को लेकर भी देख रही है। युवक के पिता ने अपने छोटे बेटे को गोली मारने के आरोप में इन्हीं लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी लेकिन जब पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया तो उसमें गोली उल्टी धंसी मिली। इससे पुलिस ने वह मामला बनावटी करार दिया था। अब पुलिस इस मामले को लेकर भी संशय में हैं। इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव सड़क किनारे कैसे पहुंचा। यह बड़ा सवाल है। इस पर छानबीन चल रही है।