बदायूं में अलापुर थाना पुलिस ने मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान तस्करों का गैंग दबोच लिया। उनके पास से दो किलो अफीम बरामद हुई है। इसमें पकड़े गए दो तस्कर खरीदार हैं और पांच तस्कर अफीम बेचने वाले हैं। उनके पास से तीन बाइक भी बरामद की गईं हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्यवाही शुरू कर दी है।
मामला मंगलवार सुबह करीब दस बजे का है। उस वक्त अलापुर थाना पुलिस गभियाई भट्ठे के नजदीक वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीन बाइक पर सवार तस्कर अफीम की खेप लेकर जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने उनकी घेराबंदी कर दी और तीन बाइक पर सवार पांच तस्करों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास दो किलो अफीम बरामद हुई। इसके बाद उन्हें थाने ले जाकर सख्ती से पूछताछ की गई। उन्होंने अपने नाम उसहैत निवासी शराफत पुत्र बल्ली, तसव्वर पुत्र बन्ने, फतेहनगला वजीरगंज निवासी महाराज पुत्र अंगनलाल, उघैनी अलापुर निवासी प्रवेश पुत्र राजेश्वर और गभियाई निवासी फारुख पुत्र माशूक बताए।