हादसे के बाद बचाव में जुटी पुलिस और गांव के लोग। संवाद
बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर स्थित गांव रफीनगर के पास बुधवार शाम पिकअप और टाटा मैजिक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चालक समेत 11 लोग घायल हो गए। घायलों को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बुधवार को दिन में करीब साढ़े तीन बजे एक टाटा मैजिक बिल्सी नगर से सवारी भरकर मुजरिया चौकी जा रहा था। जैसे ही वह हाईवे पर स्थित गांव रफीनगर के पास पहुंचा तभी सामने से तेज गति से आ रही पिकअप की उससे भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से टाटा मैजिक वाहन में सवार गांव बेहटा गुंसाई निवासी राजीव कुमार, धर्मपाल, हरपाल, रफीनगर निवासी महीपाल सिंह, संभव निवासी ओमप्रकाश, सकरी निवासी पुष्पा देवी, कूबरी निवासी राहुल कुमार, रियोनाई निवासी नरेश चंद्र, बैरमई बुजुर्ग निवासी मिथलेश कुमारी, सहसवान निवासी मोहम्मद मियां, अलीगढ़ निवासी महेंद्र पाल सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी प्राथमिक चिकित्सा करने के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।