आरोपी को कार में बैठाते पुलिसकर्मी (लाल घेरे में)
- फोटो : अमर उजाला
बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव रिसौली के पास पुलिस और पशु चोरों के बीच हुई मुठभेड़ पूरी तरह से सवालों के घेरे में है। जिस आरोपी को पैर में गोली मारकर बिल्सी से गिरफ्तार करना बताया गया, उसे शहर के वाटर वर्क्स से दिन में पकड़ा गया था। इसका खुलासा सीसीटीवी फुटेज से हुआ है। सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस के इस गुडवर्क पर सवाल उठने लगे हैं।
शुक्रवार रात बिल्सी पुलिस ने पशु चोरों से मुठभेड़ का दावा करते हुए खैरी गांव निवासी भूरा को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया था कि भूरा अपने तीन अन्य साथियों के साथ रिसौली से भैंस चोरी करके जा रहा था। इस दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस ने भैंस चोरों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
आरोपी ने पत्नी ने उठाए सवाल
पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए उनका पीछा किया तो एक आरोपी भूरा पैर में गोली लगने से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसको सीएचसी में भर्ती कराया। इस मुठभेड़ पर आरोपी भूरा की पत्नी आयशा शुरू से ही सवाल उठा रही थी। उसका कहना है कि वे लोग शुक्रवार सुबह ही दिल्ली से आए थे। दिल्ली में कपड़ों का काम कर अपना गुजारा करते हैं।
Murder: पिता की ईंट से पीट-पीटकर हत्या, फिर रातभर शव के साथ सोया कातिल बेटा, पुलिस को बताया क्यों मार डाला?
बाइक की मरम्मत करा रहा था आरोपी
शुक्रवार को भूरा की तारीख थी तो वह कोर्ट गया था। इधर, रविवार को वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि शहर के वाटर वर्क्स रोड पर बाइक की मरम्मत कराते हुए दिन में ही पुलिस ने भूरा को पकड़ लिया था। उसके पकड़े जाने के सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस अपनी खामी छिपाने में जुट गई है।
इस संबंध में एसपी देहात अजय प्रताप ने बताया कि उन्हें बिल्सी पुलिस ने जो जानकारी दी थी उसी के तहत कार्रवाई कराएंगे। वायरल फुटेज या वीडियो के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।