बदायूं। स्कूलों में बच्चों की संख्या में होने वाले फर्जीवाड़े को रोकने के लिए अब इंटर के छात्र-छात्राओं का पेन (परमानेंट एजुकेशन नंबर) जारी होगा। विद्यार्थियों की टीसी पर उनका पेन और विद्यालय का यू-डायस कोड भी दर्ज किया जाएगा। इससे विद्यार्थी का विवरण ऑनलाइन देखा जा सकेगा। ऐसे में जहां पर भी विद्यार्थी प्रवेश लेंगे, तो संबंधित विद्यालय विद्यार्थी की पूरी जानकारी खुद ही कर सकेगा।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के 2155 और 250 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। समय-समय पर बिना मान्यता के स्कूलों के संचालन और एक ही छात्र के दो स्कूलों में पढ़ने के मामले सामने आते रहे हैं। हालांकि अब ऐसा नहीं हो सकेगा। पिछले साल से शुरू परमानेंट एजुकेशन नंबर की प्रक्रिया को चालू सत्र में अनिवार्य कर दिया गया है। इसके तहत प्रत्येक विद्यार्थी की एक आईडी बनेगी। इसमें विद्यार्थियों के शिक्षा संबंधी सभी विवरण शामिल होंगे। यू-डाइस के जरिए यह नंबर तैयार किया गया है। इससे दो स्कूलों में सरकारी योजनाओं का फर्जी तरीके से लाभ लेने वालों को भी आसानी से पकड़ा जा सकता है। केवल एक नंबर के माध्यम से ही विद्यार्थी की सभी प्रकार की सूचनाएं पोर्टल के माध्यम से देखी जा सकेंगी।
शासन के निर्देश हैं कि सभी विद्यार्थियों का पेन नंबर जारी किया जाए। इसको लेकर सभी को निर्देशित कर दिया गया है। इससे फर्जीवाड़ा रोकने में काफी मदद मिलेगी।
-डॉ.प्रवेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक।