उझानी। महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज के मैदान पर रामलीला महोत्सव के तत्वावधान में चल रहे रूपराम पहलवान मेमोरियल दंगल में दूसरे दिन भी दर्शकों ने कुश्तियों का जमकर लुत्फ उठाया। परवेज कुरैशी, प्रशांत, सिकंदर, राजा कुरैशी और सूरज ने जीत हासिल की।
कुश्ती के पहले मुकाबले में नगर निवासी पहलवान परवेज कुरैशी ने हरियाणा के सोनू पहलवान को हराया। अलीगढ़ के समीर ने अकौली गांव के भूपेंद्र सिंह, गुलड़िया के सिकंदर ने वितरोई के बंटी को पछाड़ा। कलियर शरीफ के राजा पहलवान ने ग्वालियर के कालीघटा पहलवान को हरा दिया। राजस्थान के सूरज पहलवान ने हरियाणा के टाइगर को हराया।
इसके अलावा स्थानीय स्तर के पहलवानों के बीच भी कई मुकाबले हुए। ऐसे ही एक मुकाबले में अकौली के प्रशांत ने हैदलपुर निवासी मंजीत को हराया। फुटबॉल संघ के जिलाध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने पहलवानों का आपस में हाथ मिलवाकर मुकाबला शुरू कराया। दर्शकों की ओर से भी पहलवानों को नकद पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर हरवंश पहलवान, अखिल अग्रवाल, योगेश प्रताप सिंह, संजीव गुप्ता, रामदास यादव, धर्मेंद्र वार्ष्णेय आदि का व्यवस्थाओं में सहयोग रहा।
दिव्यांग जगदीश ने तीन मिनट में नरेंद्र को पछाड़ा
दंगल में सबसे ज्यादा रोमांचक मुकाबला पीलीभीत के नरेंद्र पहलवान और दातागंज निवासी दिव्यांग जगदीश के बीच हुआ। पहले डेढ़-दो मिनट के दौरान तो नरेंद्र पहलवान ने जगदीश को टिकने का मौका नहीं दिया, लेकिन जगदीश के एक दांव ने बाजी पलट दी। नरेंद्र को उन्होंने पछाड़ दिया। यह कुश्ती महज तीन मिनट तक चली। दिव्यांग पहलवान जगदीश का हौसला बढ़ाने के लिए आयोजकों के साथ दर्शक भी खड़े होकर तालियों से स्वागत करने लग गए।
कादरचौक में तीन दिनी कुश्ती शुरू
कादरचौक। रामलीला मैदान में शुक्रवार को तीन दिवसीय कुश्ती शुरू हो गई। कुश्ती में गजेंद्र निवासी गढ़िया रंगीन ने राजू पटियाली को हराया, अरविंद कछला ने नागेंद्र सिनौडी, मनोज गुधनी ने प्रदीप बंगस नगर, सचिन सलेमपुर ने निशांत नौगबां, मोहित गूरा नबीगंज ने सुरेंद्र जलालाबाद, नितिन नगलापाली ने निर्दोष गढि़या रंगीन, अविनाश सिकंदरपुर ने गुरुविंदर गढिया रंगीन और नितिन नबीगंज ने अर्पित पाठक गढि़या रंगीन को हराया। इस मौके पर रेफरी राकेश चौहान, राजेंद्र, महंत ऋषिदास, एसओ उदयवीर सिंह, श्याम सुंदर उपाध्याय, अशोक शाक्य आदि मौजूद रहे। संवाद
कादरचौक में रामलीला मैदान पर कुश्ती का आयोजन किया गया। संवाद