बदायूं। दिवाली सफाई और रोशनी का त्योहार है। इस पर लोग अपने घर-मकानों और दुकानों पर रंग-रोगन आदि कराते हैं। एक महीने में ही पेंट की बिक्री इतनी हो जाती है, जितनी छह महीने में नहीं होती। ऐसे में पेंट का बाजार इन दिनों रंगीन है और इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम की दुकानें भी ग्राहकों की आमद से गुलजार हैं। छोटे आइटमों की बिक्री अधिक हो रही है।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में लोग अभी से खरीदारी के लिए पहुंचने लगे हैं। इससे दुकानों में अच्छी रौनक देखने को मिल रही है। दिवाली तक बाजार में बेहतर खरीदारी होने की उम्मीद है। व्यापारियों के अनुसार टीवी, फ्रिज, घड़ी, मोबाइल की काफी मांग है और यह लगातार बढ़ती जा रही है। इधर, पेंट में रंगोली के कलर की मांग बढ़ी है। विभिन्न कंपनियों ने अपने-अपने रंगोली कलर निकाले हैं, जो ग्राहकों को काफी पसंद आ रहे हैं।
पिछले साल के मुकाबले पेंट पर इस बार महंगाई भी है। पिछले साल साधारण डिस्टेंपर की 20 लीटर की बाल्टी 750 रुपये की थी। वहीं, इस बार बढ़कर 850 रुपये की हो गई हैं। प्लास्टिक पेंट की 20 लीटर की बाल्टी पहले दो हजार की आती थी, जो इस बार 2400 में बिक रही है। ब्रांडेड पेंट के दाम अलग-अलग हैं, जो पेंट की गुणवत्ता पर निर्भर करते हैं।
बोले व्यापारी...
पेंट कारोबारी अमर वैश्य बताते हैं कि इस बार के रेट में पिछली साल के मुकाबले 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो गई है। एक-दो दिन में इसमें और बढ़ोतरी की संभावना है। दिवाली पर तमाम लोग घरों और दुकानों पर पेंट कराते हैं। इस बार भी हर रेंज में कलर बाजार में मौजूद है।
इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के व्यापारी सामर्थ्य ने बताया कि इस बार हर कंपनी ने लोगों की जरूरत के हिसाब से चीजों को बाजार में उतारा है। एलसीडी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन के कई तरह के मॉडल बाजार में उपलब्ध है। एक टन के एसी की कीमत 38 हजार रुपये से शुरू है। त्योहार के आने के साथ ही खरीदारी बढ़ रही है। नए उपकरण नई टेक्नोलॉजी के साथ आ रहे हैं जो ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में रखा सामान। संवाद- फोटो : BADAUN