बिसौली। तहसील बिसौली परिसर में सीडीओ केशव कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मौसम खराब होने की वजह से शिकायतकर्ता कम ही पहुंचे। ऐसे में कुल 20 शिकायतें आईं। इसमें मौके पर मात्र एक शिकायत का ही निस्तारण किया गया। बाकी संबंधित अधिकारियों को जांच कर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
शनिवार को तहसील बिसौली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ ने आमजन की शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्वक समय से करने के निर्देश दिए। कहा कि भूमि संबंधी मामलों के निस्तारण के लिए राजस्व व अन्य संबंधी विभागों की संयुक्त टीम बनाएं। साथ ही मौके पर शिकायतों का निस्तारण कराया जाए। भूमि व अन्य विवादों के प्रकरणों के निस्तारण में सहमति पत्र पर दोनों पक्षों के हस्ताक्षर भी लिए जाएं।
एसडीएम बिसौली कल्पना जायसवाल ने अधिकारियों से कहा कि जिन शिकायतों का निस्तारण किसी कारणवश नहीं कराया जा सकता। उन शिकायतों के संबंध में शिकायतकर्ता को लिखित में अवश्य बताए। संपूर्ण समाधान दिवस विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 20 शिकायतें आईं। इसमें एक का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
इधर, संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की। नवजात बच्चों का अन्नप्राशन अधिकारियों ने कराया। हर्रायपुर जूनियर हाईस्कूल के बच्चों के उत्कृष्ट कार्य पर उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसपीआरए राममोहन सिंह रहे।
बिल्सी में एडीएम एफआर ने सुनी जनता की शिकायतें
बिल्सी। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव शर्मा ने जन शिकायतों को सुनकर निस्तारण कराया। सुबह से ही शुरू हुई बरसात की वजह से फरियादियों की संख्या कम रही। समाधान दिवस में 22 लोगों ने शिकायती पत्र दिया, जिसमें दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। बाकी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपकर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। एडीएम ने कहा कि कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए, ताकी लोगों को अपनी समस्या के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। इस मौके पर एसडीएम प्रवर्धन शर्मा, सीओ सुशील कुमार सिंह, तहसीलदार राहुल कुमार गुप्ता, बीडीओ प्रवीण कुमार, नायब तहसीलदार मोहित कुमार आदि माैजूद रहे। संवाद