बदायूं। शहर के मोहल्ला चित्रांश नगर में किराये पर रहने आए सिपाही ने मकान मालिक महिला से गाली-गलौज और मारपीट की। महिला का आरोप है कि सिपाही ने उसे दबंगई दिखाई और उसके मकान पर कब्जा करने की कोशिश की। महिला ने आरोपी सिपाही रोहित चौधरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला चित्रांश नगर निवासी सुमन शर्मा का कहना है कि उसके पति प्रवीन शर्मा बाहर नौकरी करते हैं। घर पर वह अपने बेटे अर्जुन शर्मा के साथ रहती हैं। 25 दिसंबर 2023 को पुलिस लाइन में तैनात सिपाही रोहित चौधरी उनके घर किराये पर कमरा लेने आया। उन्होंने कमरा देने से इन्कार कर दिया था तो सिपाही गिड़गिड़ाने लगा। ऐसे में उन्होंने उसे किराये पर कमरा दे दिया।
आरोप है कि एक सप्ताह बाद सिपाही चार जनवरी को अपने एक साथी के साथ रात को 12 बजे शराब पीकर घर आया और दरवाजा खटखटाने लगा। जब उन्होंने दरवाजा खोला तो सिपाही ने उनके साथ गालीगलौज की। जब उन्होंने विरोध किया तो सिपाही ने जान से मारने की धमकी दी। उनसे कहा कि यह मकान मेरा है। मैं पुलिस वाला हूं, मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकतीं।
रात के दो बजे वह थाना सिविल लाइंस पहुंचीं तो सिपाही वहां से भाग गया। फिर उन्होंने थाना पुलिस को पूरी बात बताई और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस ने सिपाही के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। मामले की विवेचना कराई जा रही है।