बदायूं। पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले दिन कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच जिले के 17 केंद्रों पर दो पालियों में 16,868 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 463 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। पहली पाली में 223 और दूसरी में 240 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। पहली पाली में 8441 और दूसरी में 8424 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
परीक्षा के मद्देनजर शुक्रवार रात से ही परीक्षा केंद्रों की चौकसी बढ़ा दी गई। शनिवार सुबह आठ बजे से पुलिस-प्रशासन के अधिकारी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने लगे। सुबह 10 से 12 बजे की पहली पाली में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्रों पर नौ बजे से ही पहुंचना शुरू हो गया। परीक्षा के लिए सबसे ज्यादा 10 परीक्षा केंद्र शहर में बनाए गए हैं।
इसके अलावा उझानी में तीन, सहसवान में दो, दातागंज और आसफपुर में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। रविवार को दूसरे दिन भी दोनों पालियों में 17,328 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। एक पाली में 8,664 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।