इसी रोडवेज बस की टक्कर से हुई महिला की मौत। संवाद
सिलहरी (बदायूं)। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सरदार भगत सिंह चौराहे पर बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे रोडवेज की टक्कर से मुरादाबाद की रहने वाली शमीना (60) की मौत हो गई। वह चौराहे पर सड़क पार कर रही थीं। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर वृद्धा के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
मुरादाबाद जिले में कुंदरकी कस्बे के मोहल्ला शाहदात निवासी शाहिद की पत्नी शमीना आरिफपुर नवादा में सरदार भगत सिंह चौराहे पर सड़क पार कर रही थीं। तभी शहर से पीतल नगरी डिपो की रोडवेज बस तेज रफ्तार में आ रही थी। उसकी टक्कर लगने से शमीना सड़क पर गिर गईं, जिससे उनका एक पैर पूरी तरह से कुचल गया।
मौके पर जुटे लोगों ने बस काे घेर लिया, लेकिन चालक-परिचालक भाग गए। शोर-शराबा और भीड़ देखकर नवादा चौकी से पुलिस कर्मी आ गए। उन्होंने महिला को जिला अस्पताल भेज दिया। तब तक शमीना बोल रही थीं, लेकिन यह नहीं बता पाईं कि वह किसके साथ आई थीं और कहां आई थीं। कुछ देर बाद उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने परिवार वालों को सूचना दे दी है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।