उझानी में क्षतिग्रस्त पाइप लाइन खुद ठीक करते नागरिक। संवाद
उझानी। अमृत योजना के तहत पहले चरण में मिल कंपाउंड इलाके में खोदाई के दौरान बुधवार को क्षतिग्रस्त हुई पुरानी पाइप लाइन को वहां के लोगों ने शुक्रवार को खुद ही ठीक कर दिया।
मिल कंपाउंड निवासी सतीश कुमार ने बताया कि तीन दिन से पश्चिमी छोर की सड़क की पुरानी पाइप लाइन की आपूर्ति बंद थी। काॅलोनी के लोगों ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि पुरानी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। इसके बाद सभी लोगों ने मिलकर उसे ठीक कराया। सतीश समेत कई लोग कार्यदायी संस्था के स्थानीय कैंप कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें कोई नहीं मिला। इसके बाद परेशान उपभोक्ताओं ने खुद ही नया पाइप मंगाकर उसे मुख्य लाइन से जोड़ लिया। इसके बाद आसपास के घरों की पेयजल आपूर्ति सुचारु हो सकी।
जल निगम से डीपीआर नहीं मिली तो रुकवा दिया था काम
पेयजल आपूर्ति से जुड़ी लाइन वाले इलाकों में अमृत योजना पार्ट-2.0 के तहत जब एचडीपीई पाइप लाइन डालने का काम जल निगम की तरफ से शुरू किया गया था। तब पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल और ईओ अब्दुल शबूर ने जल निगम की शाहजहांपुर यूनिट के अफसरों से डीपीआर की प्रति मांगी थी। डीपीआर नहीं मिलने के बाद पालिका ने मिल कंपाउंड में सड़कों की खोदाई का काम रुकवा दिया था।