स्वच्छता पखवाड़ा शुरू, 15 सितंबर तक होंगे कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। परिषदीय विद्यालयों में शुक्रवार से स्वच्छता पखवाड़ा शुरू हो गया। पखवाड़े के तहत 15 सितंबर तक विद्यालयों में स्वच्छता को लेकर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के जरिए स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पहले दिन स्कूलों में शिक्षकों-कर्मचारियों ने बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। ब्लॉक जगत क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय मझिया में स्वच्छता पखवाड़े के तहत बच्चों को शपथ दिलाई गई। शिक्षिका संगीता रस्तोगी और शिक्षक राजीव कुमार ने बच्चों को शपथ दिलाई। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता का महत्व समझाया।
कहा कि गंदगी से अनेक प्रकार की बीमारियां फैलती हैं। खासकर बारिश के बाद एक स्थान पर पानी जमा हो जाने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है, जिसके चलते मलेरिया समेत कई तरह की बीमारियां पांव पसार लेती हैं। जरूरी है कि हम स्वच्छता का खास ध्यान रखें। अच्छी तरह से हाथ धोने के बाद ही खाना खाएं। इस मौके पर अनुदेशक करुणेश, मिथिलेश, सुमन सक्सेना, शशि, मीना, कटोरी देवी, सगुना आदि मौजूद रहे।
बिसौली। सिद्ध बाबा इंटर कॉलेज शरह बरौलिया में एक से 15 सितंबर तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया गया। पहले दिन छात्र-छात्राओं को विद्यालय के शिक्षक शहादत बख्श ने स्वच्छता की शपथ दिलाई। प्रधानाचार्य डॉ. नरेश चंद ने कहा कि दुनिया के जो भी देश स्वच्छ दिखते हैं। उसका कारण यह है कि वहां के नागरिक गंदगी नहीं करते और न ही होने देते हैं। इस अवसर पर राजकुमार शर्मा, नीरज चौहान, विपलव भारती, प्रवीण मिश्रा, डॉ. प्रमोद मिश्रा आदि मौजूद रहे।