बदायूं। एसडीएम के सीमेंट कारोबारी को थप्पड़ जड़ने के बाद अब फैजगंज बेहटा के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की रसोइया मंजू शर्मा को चौकीदार सुमित ने भी थप्पड़ लगा दिए। दोनों में पहले रोटी जल जाने को लेकर बहर हुई, विरोध करने पर चौकीदार ने थप्पड़ लगा दिए। पीड़ित रसोइया ने पुलिस को तहरीर दी है।
रसोईया मंजू शर्मा ने बताया कि वह विद्यालय की रसोई में खाना बना रही थी। इस दौरान दो रोटी जल गईं। तभी चौकीदार सुमित भी वहां आ गया। वह रोटियां जलने से चिढ़ गया और गाली-गलौज करने लगा। मंजू ने विरोध किया तो उसने उसके गाल पर थप्पड़ जड़ दिया। मंजू ने थाना फैजगंज बेहटा पुलिस को तहरीर देकर चौकीदार के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग उठाईं।
एसएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य मिलेंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बीईओ ओमेंद्र दत्त त्रिपाठी ने बताया कि रसोइया और चौकीदार के बीच मारपीट होने की बात सामने आई है। मामले में अभी उनके पास कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। संवाद