बदायूं। जिला अस्पताल में 29 और महिला अस्पताल में 19 सुरक्षा गार्डों की भर्ती होनी है। अहम यह है कि सभी सुरक्षागार्ड सेना से रिटायर्ड जवान होंगे। सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह ने सीएमओ डॉ. रामेश्वर मिश्रा को पत्र सौंपकर जल्द ही भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने का अनुरोध किया है।
जिले के महिला व पुरुष अस्पताल में आए दिन तीमारदार किसी न किसी बात को लेकर हंगामा करते रहते हैं। यहां तक कि कई बार तो डॉक्टरों पर तीमारदार हमलावर भी हो जाते हैं। इसी को देखते हुए शासन ने जिले के दोनों अस्पतालों में सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मंजूरी दी है। जिला पुरुष अस्पताल में 29 व महिला अस्पताल में 19 गार्ड तैनात किए जाने हैं। गार्ड के रूप में सेवानिवृत्त सैनिकों को भर्ती करना है। सीएमएस ने सीएमओ को अवगत कराया तो इसकी प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
जिले में रिटायर्ड सैनिकों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही गार्ड भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद दोनों अस्पतालों में सुरक्षा गार्डों को तैनात कर दिया जाएगा। -रामेश्वर मिश्रा, सीएमओ