यात्री सुविधाओं में वृद्धि होगी, काम पूरा होने के बाद प्लेटफार्म का कराया जाएगा सुंदरीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। रेलवे स्टेशन की सूरत अप्रैल में बदली नजर आएगी। प्लेटफार्म को हाई लेबल बनाने का काम लगभग पूरा हो गया है। अब इसका सुंदरीकरण कराया जाएगा। प्लेटफार्म पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए भी कई काम होंगे।
रेलवे स्टेशन पर ब्राडगेज रेल लाइन के बाद प्लेटफार्म नंबर एक को तो हाई लेबल बना दिया गया था, लेकिन प्लेटफार्म नंबर दो लो लेबल ही था। इससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने- उतरने के दौरान दिक्कत होती थी। कई बार यात्री गिरकर घायल भी हो जाते थे। प्लेटफार्म को हाई लेबल बनाने का काम 2020 में शुरू हुआ, लेकिन इसी दौरान कोरोना का दौर आ गया। इससे काम फिर से लटक गया। रेलवे स्टेशन और प्लेटफार्म नंबर एक का सुंदरीकरण हो चुका है, लेकिन दो को लेकर समस्या बनी हुई थी।
अब प्लेटफार्म नंबर दो के निर्माण का काम 90 फीसदी से ज्यादा पूरा हो गया है। यहां ट्रेनों का ठहराव भी शुरू हो गया है, लेकिन यात्री सुविधाओं समेत अन्य चीजों को लेकर अब भी समस्या है। यह समस्या अप्रैल तक खत्म हो जाएगी।
-
डिस्प्ले के साथ लगेगा पीएएस
यात्रियों को स्टेशन पर ट्रेनों के आवागमन ही सही सूचना मिलती रहे इसके लिए प्लेटफार्म नंबर दो पर दो बड़ी डिस्प्ले लगाई लाएंगी। इसके अलावा यहां पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीएएस) भी लगाया जाएगा। अब तक जीआरपी और आरपीएफ थाने प्लेटफार्म नंबर एक पर हैं। जीआरपी थाना काफी छोटा है। इसको भी प्लेटफार्म नंबर दो पर शिफ्ट करने पर विचार किया जा रहा है।
-
प्लेटफार्म नंबर दो का काम पूरा हो गया है। सुंदरीकरण और यात्री सुविधाओं को विकसित करने का काम चल रहा है। अप्रैल तक स्टेशन की सूरत बदली नजर आएगी।
- राजेंद्र सिंह, पीआरओ, डीआरएम पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर रेल मंडल