बदायूं। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया 12 अप्रैल से शुरू होगी, जो 19 अप्रैल तक चलेगी। नामांकन के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उम्मीदवारों को कलक्ट्रेट के गेट नंबर दो से प्रवेश दिया जाएगा। अनधिकृत लोगों का प्रवेश रोकने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) कक्ष से लेकर बाहर तक बैरिकेडिंग कर दी गई है।
बुधवार को पूरे दिन कलक्ट्रेट में बैरिकेडिंग करने का काम चलता रहा। लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी कलक्ट्रेट स्थित जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। कक्ष में प्रत्याशी समेत पांच लोगों को ही एक बार में प्रवेश दिया जाएगा। नामांकन की सारी प्रक्रिया की फोटो और वीडियोग्राफी कराई जाएगी। प्रत्याशी के साथ आने वाले लोगों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि नामांकन पूर्वाह्न 11 से दोपहर तीन बजे तक होंगे। सार्वजनिक अवकाश के दिन यानी 13, 14 और 17 अप्रैल को नामांकन नहीं होंगे। नामांकन के दौरान कलक्ट्रेट परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।
समर्थकों को बैरियर पर ही रोका जाएगा
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. वैभव शर्मा ने बताया कि 12 अप्रैल से 19 अप्रैल तक नामांकन होंगे। 20 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 22 अप्रैल को नाम वापसी का अंतिम दिन होगा। प्रत्याशी व प्रस्तावकों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति को आरओ के कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रत्याशी समेत कुल पांच लोग ही आरओ कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे। प्रत्याशियों के साथ आने वाले समर्थकों को गेट नंबर दो से करीब सौ मीटर पहले ही बैरियर पर रोका जाएगा। बैरियर इस्लामिया इंटर कॉलेज, जिला अस्पताल रोड और जिला जेल रोड पर लगाए जाएंगे। इस्लामिया इंटर कॉलेज, पुलिस लाइन और डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क को पार्किंग स्थल के रूप में चयनित किया गया है।
बदायूं लोकसभा क्षेत्र : नामांकन व मतदान का कार्यक्रम
दिनांक कार्यक्रम
12 अप्रैल नामांकन शुरू
19 अप्रैल नामांकन का अंतिम दिन
20 अप्रैल नामांकनपत्रों की जांच
22 अप्रैल नाम वापस लेने का अंतिम दिन
07 मई मतदान
04 जून मतगणना