बदायूं। घायल मरीजों और प्रसूताओं को टिटनेस का टीका लगना जरूरी होता है। दोनों ही मरीज इमरजेंसी में ही आते हैं, लेकिन जिला अस्पताल की इमरजेंसी में टिटनेस का टीका उपलब्ध नहीं रहता क्योंकि यहां फ्रिज की व्यवस्था नहीं है। हालांकि स्टोर में टीके उपलब्ध हैं लेकिन फ्रिज न होने के कारण इन्हें इमरजेंसी में नहीं रखवाया जाता। ऐसे में आपात स्थिति में इंजेक्शन मरीजों को बाहर मेडिकल स्टोर से ही खरीदना पड़ता है।
सरकार करोड़ों रुपये का बजट स्वास्थ्य विभाग पर खर्च कर रहा है। मरीजों को सही इलाज मिल सके और अस्पताल के बाहर की दवा न दी जाए, इसके लिए शासन लगातार निर्देश देता आ रहा है। इसके बाद भी जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों और उनके तीमारदारों को टिटनेस का टीका बाहर से ही खरीदना पड़ रहा है। बताते हैं कि यहां सीएमएस रहे चुके डाॅ. बीबी पुष्कर ने फ्रिज की मांग के लिए पत्राचार किया था, लेकिन उनके जाने के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया। लोगों का कहना कि फ्रिज के लिए कोई बहुत बड़ा बजट नहीं चाहिए, लेकिन बात जिम्मेदारों की लापरवाही की है। अगर इस ओर ध्यान दिया गया होता तो अब तक फ्रिज लिया जा सकता था। इस बाबत जब सीएमएस डाॅ. कप्तान सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि टिटनेस के इंजेक्शन पहले सरकारी सप्लाई में नहीं आते थे। अब पता चला है कि स्टोर में इंजेक्शन उपलब्ध हैं। अब जल्द ही फ्रिज लगवाकर इमरजेंसी में भी टिटनेस के इंजेक्शन मरीजों को उपलब्ध कराए जायेंगे।
आशू।
आशू।