स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जिले को खुले में शौच मुक्त करने के लिए गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश डीएम ने अधिकारियों को दिए। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को जिले में खराब पड़े सारे हैंडपंप तत्काल सही कराने के निर्देश भी दिए। कहा कि भीषण गर्मी में पेयजल की किल्लत न हो, इसके लिए यह काम प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। कोई हैंडपंप खराब नहीं रहना चाहिए। सोमवार को विकास भवन स्थित सभाकक्ष में डीएम अनिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई मासिक समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबे समय से रूके हुए कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने समीक्षा करते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग की सड़कों को 15 जून तक गड्ढा मुक्त हो जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय से टीकाकरण कराया जाए। जननी सुरक्षा योजना में शत प्रतिशत भुगतान की बात कही। उन्होंने कहा कि यह गरीबों का पैसा है, उन तक पहुंचना चाहिए। बैठक में कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।