बदायूं। परिषदीय स्कूलों के बच्चों का बौद्धिक ज्ञान परखने के लिए निपुण असेसमेंट टेस्ट (नेट) कराए जाएंगे। स्कूली शिक्षा महानिदेशक कंचन वर्मा ने इसकी तिथि 18 व 19 नवंबर निर्धारित की है। विभागीय अधिकारी ने संबंधितों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिले में 2155 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में करीब सवा तीन लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के पढ़ने और सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए शासन की ओर से निपुण भारत मिशन चलाया जा रहा है। शिक्षकाें के अलावा एआरपी की मदद से छात्र-छात्राओं को निपुण करने का काम चल रहा है। एआरपी को 10-10 विद्यालय विशेष रूप से दिए गए हैं, जिनको हर हाल में निपुण किया जाना है।
इन सभी विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं के शैक्षिक स्तर को परखने के लिए सरल एप के जरिए निपुण मूल्यांकन कराया जाना है। इसके तहत 18 व 19 नवंबर को यह टेस्ट कराया जाएगा। छात्र-छात्राओं को ओएमआर शीट पर जवाब देना होगा। छात्र-छात्राओं को अभी से इसकी तैयारी कराई जा रही है।
निपुण एसेसमेंट टेस्ट के बारे में तिथि का निर्धारण हो गया है। सभी खंड शिक्षा अधिकारी व एआरपी को जानकारी दे दी गई है ताकि जिले में ज्यादा से ज्यादा स्कूल निपुण की श्रेणी में आ सके। -वीरेंद्र कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी