बदायूं। मुजरिया थाना क्षेत्र में घर के अंदर कुल्हाड़ी मारकर किसान की हत्या कर दी गई। हालांकि किसान की पत्नी कुल्हाड़ी पर गिरने से मौत होने की बात कह रही है। वहीं, पुलिस सिर में ईंट मारकर आत्महत्या का दावा कर रही है। भाई ने मृतक के साले पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा है। फिलहाल मामले की तहरीर किसी ने पुलिस को नहीं दी है।
मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव जिजाहट निवासी 40 वर्षीय ओमप्रकाश खेतीबाड़ी करते थे। रविवार को ट्रैक्टर-ट्राली से गेहूं बेचने बाजार गए थे। गेहूं बेचकर डेढ़ लाख रुपये की नकदी लेकर वह रविवार देर शाम घर आए तो किसी बात पर उनका पत्नी से विवाद हो गया। काफी देर तक दोनों में विवाद होता रहा। रात करीब 11 बजे पत्नी के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो ओमप्रकाश का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था।
पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह शराब के नशे में थे। नशे में वह घर में बच्चों से झगड़ते रहे इसके बाद कुल्हाड़ी पर गिर गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
इधर, घटना की जानकारी पर उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर में रह रहा मृतक का भाई दन्नू पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा तो उसने मृतक के साले पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या का आरोप लगाया। दन्नू का आरोप है कि उसका भाई गेहूं बेचकर जो पैसा लाया था, उस रुपये पर उसके साले की नीयत खराब हो गई थी। वह रुपये मांग रहा था, लेकिन ओमप्रकाश रुपये देने से इन्कार कर रहा था। इसी पर उसका पत्नी से भी विवाद हुआ था। बाद में उसके साले ने उनकी हत्या कर दी। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट लगने से मौत की वजह पुष्ट की गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों से तहरीर मांगी, लेकिन देर रात तक तहरीर नहीं दी गई। घटना को लेकर गांव में भी तमाम तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
मुजरिया के थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि ओमप्रकाश शराब पीने का आदी था। वह शराब के नशे में अपनी पत्नी और बच्चों से विवाद कर रहा था। इसके बाद उसने सिर में ईंट मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके भाई ने हत्या का आरोप लगाया तो उससे तहरीर मांगी गई, लेकिन उसने तहरीर नहीं दी है।
01बीडीएन32-मृतक ओमप्रकाश का फाइल फोटो।