बदायूं। रविवार को सुबह से घने काले बादल छाए रहे और बूंदाबांदी भी होती रही। इसकी वजह से सड़कों पर कहीं कीचड़ तो कहीं जलभराव हो गया। दोपहर से देर शाम तक रुक-रुककर बारिश होती रही। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई।
हालांकि रुक-रुक हो रही बारिश की वजह से मौसम सुहावना हो गया। रविवार की छुट्टी की वजह से अधिकांश कार्यालय बंद रहे। ऐसे में लोग थोड़ा देरी से जागे और मौसम का लुत्फ उठाया। लोगों को उम्मीद थी कि दिन में मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, बल्कि दोपहर बाद बारिश होने लगी। इसकी वजह से लोग घरों में ही रहे।
बीच-बीच में बारिश रुकने पर लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले। उन्होंने कीचड़ व जलभराव जैसी समस्या से दो-चार होना पड़ा। सबसे ज्यादा रोडवेज बस स्टैंड, छह सड़का, जोगीपुरा, लोटनपुरा, टिकटगंज आदि जगहों के हालात बेहद खराब रहे। गांधी ग्राउंड में भी पानी भरा रहा। इसकी वजह से यहां लगे वाला संडे मार्केट भी सही से नहीं लग पाया।
खेतों में फसलों काे नुकसान की आशंका
लगातार हो रही बारिश की वजह से खेतों में पानी भरने लगा है। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ने लगी है। अगर खेतों में पानी भरा रहा तो धान, बाजरा, उड़द की फसल को नुकसान हो सकता है और पैदावार पर भी फर्क पड़ सकता है।
रविवार को हुई 32.75 एमएम बारिश
शनिवार को जिले में 11 एमएम बारिश हुई थी। वहीं रविवार को 32.75 एमएम बारिश दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान 25.6 और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अनुसार आने वाले दो-तीन भी बादल छाए रहेंगे। बारिश भी हो सकती है। सोमवार को अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। संवाद
-
(फोटो-07)
बिल्सी के मकान और दुकानों में भरा पानी
बिल्सी। कस्बे के कई घरों और दुकानों में बारिश का पानी भर गया। इससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानों में रखा सामान भी भीगने से खराब हो रहा है। बिजलीघर रोड, नगर पालिका बाजार, साहबगंज, हनुमानगढ़ी कॉलोनी में लोगों को जलभराव से जूझना पड़ा। अंबियापुर ब्लाॅक के पास बनी नई कॉलोनी में सड़कों से लेकर कई मकानों में पानी भर गया। लोग अपने घरों से बाहर भी नहीं निकल पा रहे हैं। संवाद
रोडवेज चौराहे के पास सड़क पर फैली कीचड़। संवाद
रोडवेज चौराहे के पास सड़क पर फैली कीचड़। संवाद