उझानी। कादरचौक रोड पर खिरिया वाकरपुर के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दामाद और सास घायल हो गए। हादसा बृहस्पतिवार सुबह हुआ। कादरचौक क्षेत्र के गांव निदानपुरा निवासी प्रमोद कुमार (22) की ससुराल अलीगढ़ जिले के गांव डालीपुर में हैं। प्रमोद अपनी सास द्रोपा देवी (46) को अलीगढ़ से बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में खिरिया वाकरपुर के पास कार की टक्कर से दोनों बाइक समेत सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे के बाद जुटे ग्रामीणों ने कार को घेर लिया। घायल प्रमोद और उनकी सास को एंबुलेंस से सीएचसी भेज गया। कार समेत चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। हादसे में प्रमोद का पैर टूट गया है। उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद प्रमोद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संवाद