बिसौली में चौकी के नजदीक रखे खोखे में लगी आग से जला सामान।
नजदीक में पड़ी मिली शराब और पेट्रोल की बाेतल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिसाैली (बदायूं)। कस्बे में स्वास्थ्य केंद्र के नजदीक शुक्रवार रात कुछ खुराफाती तत्वों ने एक खोखे में आग लगा दी, जिससे उसमें रखा सारा सामान जल गया। खोखा मालिक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा निवासी फरवीन पुत्र फिरोज का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नजदीक लकड़ी का खोखा रखा था। शुक्रवार शाम वह अपना खोखा बंद करके घर चला गया। रात करीब आठ बजे कुछ खुराफाती तत्वों ने खोखे में आग लगा दी, जिससे वह जलकर राख हो गया। राहगीरों ने खोखे में आग लगी देखी तो पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड बुलाकर आग पर काबू पाया गया।
बताते हैं कि खोखे के नजदीक एक शराब की बोतल और पेट्रोल की बोतल पड़ी मिली है। फरवीन का कहना है कि उसके खोखे में किसी ने आग लगाई है। वहीं बैठकर शराब भी पी है। उसका कहना है कि ढाई लाख रुपये का सामान और 85 हजार की नकदी जलकर राख हो गई है। उसने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिए हैं।