बगरैन (बदायूं)। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया सतासी में 25 वर्षीय रेनू का शव फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
बरेली में भमोरा थाना क्षेत्र के गांव कुंडरिया इकलाश निवासी रेनू की शादी 2016 में मुड़िया सतासी के सतेंद्र से हुई थी। उसके छह साल के दो जुड़वां बेटे हैं। पति-पत्नी में काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे रेनू के सास-ससुर गोबर डालने बाहर गए थे। पति खेत पर चला गया था। दोनों बच्चे बाहर खेल रहे थे।
कुछ देर बाद सास लौटकर आई तो वह घर में काम में लग गई। जब बच्चे घर लौटे तो उन्होंने रेनू का शव फंदे पर लटका देखा। बच्चों की चीखपुकार सुनकर परिवार वाले और मोहल्ले के तमाम लोग आ गए। उन्होंने शव फंदे से उतारा।
सूचना पर सीओ बिसौली पवन कुमार और इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। परिवार वालों ने बताया कि सुबह दंपती के बीच कहासुनी हो गई थी। इससे गुस्से में आकर उसने फंदे पर लटककर जान दे दी।
दो घंटे बाद विवाहिता के चाचा-चाची भी आ गए। उन्होंने सतेंद्र और उसके परिवार वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। रेनू के माता-पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं। चाचा-चाची ने उनके आने पर कार्रवाई कराने को कहा है।