बदायूं। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने दस माह का बेटा छीनकर विवाहिता को घर से निकाल दिया। शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वैदोटोला निवासी सदफ पुत्री सिद्दीक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी 13 फरवरी 2023 को कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई सराय निवासी जुनैद खान पुत्र निसार हुसैन के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। उसका पति जुनैद खान, ससुर निसार हुसैन, सास न्याजमीन, देवर शावजे, ननद शिफा दहेज में कार व एसी की मांग करने लगे।
विवाहिता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति व ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान उसके एक बेटा हुआ। जिसकी आयु 10 माह है। 5 सितंबर 2024 को उसके पिता सिद्दीक उसकी ससुराल पहुंचे और पति व अन्य ससुराल वालों को समझाया, लेकिन उसके ससुराल वाले कार व एसी की मांग की जिद पर अड़े रहे।
आरोप है कि इसके बाद पति व ससुराल वालों ने उसके पिता के साथ मारपीट की। उनका दुपट्टे से गला दबाकर उन्हें मारने की कोशिश की। ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट कर उससे बेटा भी छीन लिया। विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की है।