कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव हरी नगला में रविवार दोपहर कामिनी (21) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने छानबीन कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्राम कसेर पनौटा निवासी धर्म सिंह का कहना है कि उन्होंने करीब दो साल पहले बेटी कामिनी की शादी हरी नगला के मुनेंद्र से की थी। उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार काफी दान-दहेज दिया, बावजूद इसके ससुराल वाले खुश नहीं थे। वह लगातार उसे प्रताड़ित कर रहे थे। वह दो लाख रुपये और एक बाइक मांग रहे थे। जब उनकी मांग पूरी नहीं हो पाई तो उन्होंने कामिनी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
उनका आरोप है कि रविवार दोपहर ससुराल वालों ने कामिनी की गला दबाकर हत्या कर दी। कामिनी के ससुराल वालों का कहना है कि विवाहिता करीब चार महीने से बीमार चल रही थी। वह उसका लगातार इलाज करा हे थे। उन्होंने बरेली और बदायूं के अस्पताल में भी उसका उपचार कराया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। वह उसे बरेली ले जाने वाले थे कि उसकी मौत हो गई।
इंस्पेक्टर राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि महिला की मौत बीमारी से बताई जा रही है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अगली कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कराई जाएगी।