दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव गाजीपुर में शनिवार सुबह विवाहिता रामा देवी (20) की मौत हो गई। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वाले लगातार दहेज को लेकर बेटी को परेशान कर रहे थे। उन्हाेंने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी।
शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मनपुर निवासी प्रेमपाल का कहना है कि उन्होंने करीब एक साल पहले अपनी बेटी रामा देवी की शादी गाजीपुर के परवेंदर के साथ की थी। काफी दहेज दिए जाने के बावजूद ससुराल वाले खुश नहीं थे। अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर वह लगातार रामा देवी को परेशान कर रहे थे।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे सूचना मिली कि रामा देवी की मौत हो गई है। इससे वह सुबह करीब 11 बजे गाजीपुर पहुंच गए। वहां जाकर देखा कि रामा देवी का शव जमीन पर रखा हुआ था। ससुराल के कुछ लोग घर छोड़कर भाग चुके थे। उन्होंने पुलिस को भी बुला लिया था। प्रेमपाल का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ और दहेज की मांग को लेकर मारपीट की गई। बाद में उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद कार्रवाई करने को कहा है। इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ का कहना है कि इसकी सूचना पर विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। इसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कोई कार्रवाई कराई जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में एक्सरे कक्ष के पास लगा फायर सिलेडर । संवाद