बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह तो दिख रहा है, लेकिन व्रत सामग्री पर जीएसटी का ग्रहण लग गया है। हालांकि बाजारों में बुधवार को रौनक दिखी, श्रद्धालुओं ने मां के पूजन के लिए चुनरी, नारियल, रोली, कलश आदि सामग्री खरीदी। वहीं उपवास के लिए खाद्य पदार्थों की पिछली साल की अपेक्षा इस बार खरीदारी कुछ कम रही। मां के आगमन के लिए घरों और मंदिरों को साफ-सुथरा कर माता के स्वागत के लिए लोग तैयारियों में लगे रहे। शारदीय नवरात्र को लेकर बाजार सज गया है। माता के मंदिरों को भी रंगरोगन कर तैयार कर दिया गया है। सब्जी मंडी, छह सड़का, फ्लाई ओवर के नीचे, स्टेशन रोड आदि स्थानों पर दुकानें सज गई हैं। सबसे अधिक भीड़ मां की चुनरी, माला, वस्त्र, आभूषण, शृंगार सामग्री की दुकानों पर है। लोगों ने नवरात्र में उपयोग की जाने वाली हवन सामग्री, कपूर, सुगंधित अगरबत्तियों, दीपकों की खरीदारी की। दुर्गा पंडालों में स्थापित करने के लिए मूर्तियां खरीदीं। वैसे तो शहर में मां का विशाल नगला मंदिर है। इसके अलावा शहर में अन्य छोटे-छोटे मंदिर भी हैं।