बदायूं। अभियंताओं का लोड मैनेजमेंट सिस्टम कुछ स्थानों पर फेल है। यही कारण है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। बदलने में देरी की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी में पसीना बहाना पड़ रहा है।
बिल्सी में हर रोज आपात कटौती और फॉल्ट से आपूर्ति बाधित है। शहर में बुधवार को सुबह 6 बजे 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब गया। इससे 60 हजार घरों की बिजली आपूर्ति फेल हो गई। नवादा, बरेली रोड, लोची नगला, कृष्णा पार्क समेत कई मोहल्लों की आपूर्ति सुबह छह से दस बजे तक ठप रही। दस बजे के बाद वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए दूसरे फीडरों की आपूर्ति काटी गई, तब बिजली इन इलाकों को मिल सकी। दस एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब होने का असर अब अगले तीन-चार दिन तक रहेगा। लोगों के लिए 24 घंटे आपूर्ति के शेड्यूल का पालन नहीं हो सकेगा। लोगों को 8-10 घंटे तक की कटौती झेलनी पड़ेगी।
नवादा विद्युत उपकेंद्र का 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर बुधवार सुबह छह बजे खराब हो गया था। चार घंटे बाद अन्य फीडरों से आपूर्ति शुरू करा दी गई। कुछ स्थानों पर ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग की वजह से फुंक रहे हैं। यहां क्षमता वृद्धि प्रक्रिया में है। नवादा का ट्रांसफार्मर बृहस्पतिवार शाम तक मंगवा लेंगे। - अखिलेश कुमार, एसई बिजली निगम, बदायूं
आठ दिन से 100 घरों की बिजली गुल, लोगों ने किया प्रदर्शन
दबतोरी। लक्ष्मीपुर में आठ दिन से 100 घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि कुरैशी मोहल्ले के लोग गर्मी से बेहाल हैं। ग्राम वासियों ने एसडीओ विद्युत बिसौली से ट्रांसफार्मर बदलने में देरी की शिकायत की है। एसडीओ का कहना है कि बुधवार देर रात तक आपूर्ति बहाल कराएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि आश्वासन तो पहले भी दिए गए थे, लेकिन राहत नहीं मिली। संवाद
रोजाना तीन घंटे की रोस्टरिंग से तीस हजार लोग परेशान
बिल्सी। बुधवार को उझानी सब स्टेशन से करीब तीन घंटे की रोस्टरिंग की गई। साथ ही नगर के विद्युत उपकेंद्र रोड पर जर्जर लाइन के टूट जाने से नगर की आपूर्ति करीब चार घंटे ठप रही। इसी वजह से नगर के तीस हजार से अधिक आबादी को इस भीषण गर्मी में कई दिक्कतें उठानी पड़ीं। उधर, जेई दिनेश कुमार ने बताया कि दोपहर दो से पांच बजे के मध्य उझानी से रोजाना रोस्टरिंग की जा रही है। इसके कारण लोगों को नियमित बिजली नहीं मिल पा रही। संवाद
बादशाहपुर में 15 दिन में फुंके चार ट्रांसफार्मर
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बादशापुर में छबिराम यादव के मकान के निकट लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पिछले 15 दिनों में ओवरलोड के कारण चार बार फुंक चुका है। इससे गांव के करीब 40 से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप चल रही है। साथ ही इस गर्मी में लोगों को कई समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। दो दिन पहले विभाग द्वारा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने के लिए भेजा गया था, जिसे ग्रामीणों ने नहीं लगने दिया। उनका कहना है कि जब तक अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं भेजा जाता, तब वह यहां इसको नहीं लगने देंगे। यहां ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर एक-दो दिन में ही फुंक जाता है। खामियाजा गांव के लोगों को झेलना पड़ता है। उधर, जेई दिनेश कुमार ने कहा कि अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने को लेकर उच्चाधिकारियों को लिखा गया है। जैसे ही स्वीकृति मिल जाती है, यहां ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा। संवाद
अघोषित कटौती के विरोध में की नारेबाजी
बिसौली। नगर में पिंडारा रोड और बद्रीप्रसाद कॉलोनी में चार दिन से बिजली कटौती और ट्रिपिंग से लोग परेशान हैं। गुस्साए लोग बुधवार सुबह सात बजे ही विद्युत उपकेंद्र पर पहुंच गए। घेराव के बाद हंगामा किया। भीड़ देखकर संविदकर्मी खिसक लिए। एक घंटे तक हंगामा होता रहा। चूंकि तहसील मुख्यालय पर बिजली विभाग का कोई अधिकारी नहीं रहता है, इसलिए हंगामा कर भीड़ लौट गई। भीड़ ने चेतावनी दी कि बृहस्पतिवार दोपहर तक बिजली आपूर्ति में सुधार न हुआ तो आंदोलन उग्र होगा। प्रदर्शनकारियों में राष्ट्रवादी नेता ठाकुर मुकेश सिंह, सभासद लक्ष्मण प्रसाद, मोनू चौहान, रवि शर्मा, अक्षय ठाकुर, छोटू यादव, रुपेश कुमार आदि शामिल रहे। संवाद
खबर छपने पर 13वें दिन बदला ट्रांसफार्मर
रहेडिया। बारह दिन से सो रहे बिजली निगम के अधिकारी- कर्मचारी 13वें दिन अमर उजाला में खबर छपने पर जागे। 25 केवीए के ट्रांसफार्मर से दो ट्यूबवेल और 20-25 कनेक्शन धारी प्रभावित हो रहे थे। खबर छपते ही बुधवार को कर्मचारी ट्रांसफार्मर लेकर गांव में पहुंचे और खराब ट्रांसफार्मर की जगह दूसरा लगाकर बिजली आपूर्ति शुरू कराई। ग्रामीणों ने अमर उजाला का आभार जताया है। संवाद
दबतोरी के लक्ष्मीपुर में पंचायत घर के सामने बिजली को लेकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
दबतोरी के लक्ष्मीपुर में पंचायत घर के सामने बिजली को लेकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद