- अधिकारी भी बिना बताए मुख्यालय न छोड़ें
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। सीडीओ/प्रभारी अधिकारी कार्मिक नगर निकाय चुनाव केशव कुमार ने बताया है कि जिले में नगर निकाय चुनाव का कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो चुका है। ऐसे में कभी भी किसी अधिकारी/ कर्मचारी की आवश्यकता पड़ सकती है। इसके लिए आवश्यक है कि सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने अधीनस्थ स्टाफ का डीएम या सीडीओ की अनुमति के बिना अवकाश स्वीकृत न करें। इसके अलावा स्वयं भी बिना अनुमति के मुख्यालय न छोड़ें। उन्होंने बताया कि यह भी संज्ञान में आया है कि कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नगर निकाय चुनाव की ड्यूटी से बचने के उद्देश्य से निर्वाचन अवधि का अवकाश स्वीकृत कराने का प्रयास किया जा रहा है, जो आपत्तिजनक है। इस प्रकार की कोशिश अक्ष्म्य है। कहा कि चुनाव का कार्य अत्यन्त महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध है। इन निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। संवाद
नियंत्रण कक्ष एवं शिकायत प्रकोष्ठ बनाया
बदायूं। एडीएम प्रशासन विजय कुमार सिंह ने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियंत्रण कक्ष एवं शिकायत प्रकोष्ठ की स्थापना की गई है। यह नियंत्रण कक्ष एवं शिकायत प्रकोष्ठ निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न होने तक संचालित रहेगा।
उन्होंने बताया कि दिन-प्रतिदिन नामांकन की सूचना, संवीक्षा, नाम वापसी इत्यादि की सूचना, पोलिंग पार्टियों की रवानगी, सकुशल पहुंचने एवं मतदान के दिन मतदान प्रतिशत की सूचना एवं मतगणना से संबंधित सूचनाएं कंट्रोल रूम को दिन प्रतिदिन ई-मेल/दूरभाष पर उपलब्ध कराई जाएंगी। कंट्रोल क रूम में संचालित फोन नंबर 0522-2630115, 0522-2630130, 0522-2630171, 0522-2630140 तथा ई-मेल ह्यद्गष्ह्वश्चञ्चह्वश्च.ठ्ठद्बष्.द्बठ्ठ व ह्यद्गष्ह्वश्च-द्गद्यद्गष्ह्लद्बशठ्ठञ्चह्वश्च.द्दश1.द्बठ्ठ है।
डीएम-एसएसपी ने चुनाव की तैयारियों का लिया जायजा
- डीएम ने कहा, सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करें अधिकारी
बदायूं। डीएम मनोज कुमार और एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बुधवार शाम निकाय चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नामांकन, स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल आदि पर व्यवस्थाओं का मंडी समिति बदायूं और उझानी में तैयारियां देखीं। डीएम ने कहा कि नामांकन कक्षों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त कर ली जाएं।
सुरक्षा की दृष्टि से बैरीकेडिंग कराई जाए। शौचालय की स्थिति और पेयजल की समुचित व्यवस्था हो। उन्होंने कक्षों में साफ-सफाई व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, वीडियोग्राफी आदि व्यवस्थाएं देखीं और सीसीटीवी, कंप्यूटर के बारे में जानकारी ली। प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी लगवाए जाने को निर्देश दिए। उन्होंने बैरीकेडिंग स्थलों को चिह्नित कराया और प्रत्याशियों के रूट को देखा। इस दौरान एडीएम प्रशासन विजय कुमार सिंह, एसपी सिटी एके श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट बृजेश कुमार सिंह, एसडीएम सदर सुखलाल प्रसाद वर्मा और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
एसडीएम ने शस्त्र दुकान का किया निरीक्षण
बिल्सी। स्थानीय निकाय चुनाव के मद्देनजर एसडीएम महिपाल सिंह ने नगर में बिजलीघर रोड स्थित शस्त्र दुकान का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम ने दुकान संचालक प्रशांत शर्मा से स्टॉक रजिस्टर लेकर दुकान में मौजूद शस्त्रों का सत्यापन किया। साथ ही कारतूस एवं शस्त्रों की बिक्री के संबंध में जानकारी ली। एसडीएम ने निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। कहा, नए कारतूस देने से पहले खोखा अवश्य जमा करा लें। इस मौके पर सीओ सुनील कुमार, जितेंद्र सिंह पटेल भी मौजूद रहे। संवाद
मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण
कुंवरगांव। बुधवार को नायब तहसीलदार श्रवण कुमार व प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र गौतम ने नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। कस्बे में नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर पंडित जवाहर लाल नेहरू जिला पंचायत इंटर कॉलेज, कन्या पाठशाला और प्राथमिक विद्यालय को केंद्र बनाया गया है। सभी मतदान केंद्र पर अधिकारियों ने साफ-सफाई, बिजली,पानी, शौचालय आदि व्यवस्थाओं को देखा। साथ छोटी-छोटी कमियां मिलने पर उनको दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान दरोगा राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल विनीत तेवतिया, अभिषेक सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद