बदायूं। जिला अस्पताल में तैनात एक लैब टेक्नीशियन की गुरुवार रात अचानक हालत बिगड़ गई। टेक्नीशियन तीन घंटे तक अस्पताल में भर्ती रहा। उसके बाद उसे घर भेज दिया गया। फिलहाल उसकी हालत में सुधार है।
इस समय जिला अस्पताल के लैब टेक्नीशियन शहरोज खान की ड्यूटी कोरोना वार्ड आने वाले संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेने पर लगी है। बताते हैं कि गुरुवार शाम जिला अस्पताल में 34 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए थे। शहरोज खान ने शाम चार बजे से पीपीई किट पहनी और सैंपल लेने में लग गया। रात आठ बजे तक वह सैंपल लेने में लगा रहा। इसके बाद अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। वह चक्कर खाकर गिर गया। उसे उल्टियां होने लगीं। ये देखकर अस्पताल स्टाफ के होश उड़ गए। तुरंत अस्पताल प्रशासन को सूचना दी गई।
सीएमएस डॉ. सुकुमार अग्रवाल मौके पर पहुंच गए। लैब टेक्नीशियन को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब तीन घंटे तक उसका उपचार होता रहा। उसे ऑक्सीजन दी गई। तब कहीं उसे कुछ राहत मिली। इसके बाद टेक्नीशियन को घर भेज दिया गया। बताते हैं कि फिलहाल टेक्नीशियन की हालत में सुधार है। अभी उसने ड्यूटी ज्वाइन नहीं की है।
लैब टेक्नीशियन पीपीई किट पहनकर सैंपल लेते हैं। इससे उसे गर्मी लग गई थी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। अभी वह ड्यूटी नहीं आया है। उसकी जगह पर दूसरे लैब टेक्नीशियन काम कर रहा है। - डॉ. सुकुमार अग्रवाल, सीएमएस जिला अस्पताल