वजीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव पलई में किशनवीर की मौत के मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने एक नामजद आरोपी मुनेश को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
ग्राम पलई में 30 मार्च को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इसमें किशनवीर समेत कई लोग घायल हो गए थे। किशनवीर की 14 अप्रैल को इलाज के दौरान मुरादाबाद में मौत हो गई थी। 15 अप्रैल को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। सूचना पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। देर रात तक गांव में तनातनी का माहौल रहा था।
काफी समझने के बाद परिवार वालों ने मंगलवार सुबह किशनवीर के शव का अंतिम संस्कार किया था। इसके बाद थाना पुलिस ने मुनेश उर्फ गब्बर, वीरेश, सतीश, अवधेश, सचिन और अवनीश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोपियों के खिलाफ बलवा और मारपीट की धाराओं में पहले से एफआईआर दर्ज है। बुधवार सुबह पुलिस ने मुनेश को सैदपुर-बगरैन तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर आला कत्ल लोहे का पाइप भी बरामद किया गया है।