रोजेदारों ने नमाज अदा कर मुख्य मार्ग के चौराहे पर जमा होकर बिजली के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया व नारे लगाए। भीषण गर्मी में जहां लोगों का घर से निकलना दूभर है, वहीं रोजेदारों को बिजली की समस्या से बेहद परेशानी हो रही है। बिजली ट्रिपिंग होते रहने और तय शेड्यूल केे न आने पर रोजेदारों ने अपने गुस्से का इजहार किया। उनका कहना है कि रमजान का मुबारक माह चल रहा है। इस माह में सारा वक्त इबादत में गुजारना होता है और बिजली न आने से भीषण गर्मी में घरों में रूकना मुश्किल हो जाता है। रोजेदारों ने नेताओं को भी निशाने पर लिया। रोजेदारों ने बताया कि दर्जा राज्यमंत्री बनवारी सिंह यादव अमरूद गोष्ठी के कार्यक्रम में यहां पहुंचे तो बिजली कटौती न होने और बिजली तय शेड्यूल पर मिलने का वायदा कर गए थे। मगर, उससे उलट बिजली जितनी आती थी अब वो भी आना बन्द हो गई। बमुश्किल कस्बे में बिजली चार घंटे मिल रही है और ट्रिपिंग भी जारी है। रोजेदारों ने चेताया कि अगर बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।