कछला। दुकान के सामने सड़क पर पड़ा रोड़ा हटाने को कहा तो दुकानदार ने चेयरमैन पर हमला कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
नगर में अमृत जल योजना की पाइप लाइन का काम चल रहा है। चौराहे के दुकानदार त्रिवेश गुप्ता की दुकान के सामने पिछले कई दिनों से रोड़ा पड़ा हुआ है। जिसे हटवाने के लिए कार्यदायी संस्था के मजदूर दुकानदार के पास गए तो दुकानदार ने रोड़ा हटाने से इनकार कर दिया। इसकी शिकायत मजदूरों ने चेयरमैन जगदीश सिंह से की।
चेयरमैन बृहस्पतिवार शाम मौके पर पहुंच गए। अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानदार त्रिवेश से कहा तो वह अपशब्द कहता हुआ चेयरमैन पर हमलावर हो गया। चेयरमैन ने मामले की कछला पुलिस चौकी पर शिकायत की है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे शुक्रवार को जेल भेज दिया जाएगा। संवाद