बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव अगौल में जितेंद्र की हत्या करने वाला और कोई नहीं, बल्कि उसका दोस्त बॉबी निकला। थाना पुलिस ने रविवार सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर आला कत्ल पत्थर और खून से सने उसके कपड़े बरामद हुए हैं। उसने बताया कि शराब के नशे में उसकी गालीगलौज हो गई थी। इसके बाद गुस्से में आकर उसने पत्थर से सिर कुचलकर जितेंद्र की हत्या कर दी। पुलिस ने दोपहर के समय हत्यारोपी को जेल भेज दिया।
सीओ सुशील कुमार सिंह के मुताबिक- 03 अप्रैल की रात करीब आठ बजे अगौल गांव के बाहर ट्यूबवेल की गूल में जितेंद्र (23) पुत्र रोहताश का शव पड़ा मिला था। उसके सिर पर गहरी चोट थी। रात का मामला था, इसलिए शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया था। दूसरे दिन उसका पोस्टमार्टम कराया गया। शाम को उसके भाई आकाश की तहरीर पर गांव के बॉबी पुत्र विद्याराम समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस को छानबीन में पता चला कि दो अप्रैल की शाम बाॅबी जितेंद्र के घर आया था और उसको बाइक पर बैठाकर कहीं ले गया था। घर में अकेली दादी युवक को खोजती रहीं, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। अगली रात उसका शव गूल में पड़ा मिला।
रविवार सुबह पुलिस ने बरनी ढकपुरा मोड़ से बॉबी को गिरफ्तार कर लिया। जब उसे थाने लाकर पूछताछ की गई तो उसने सच उगल दिया। बताया कि उसने जितेंद्र के साथ गांव के बाहर काली मंदिर के नजदीक बैठकर शराब पी थी। शराब पीने के दौरान ही उससे झगड़ा हो गया। उसने गुस्से में आकर एक पत्थर उठाकर जितेंद्र के सिर में मार दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह जितेंद्र के शव को गूल में छोड़कर भाग गया।
दिल्ली भागने की फिराक में था हत्यारोपी
हत्यारोपी बॉबी कंबल बेचने का काम करता है। वह कंबल लेकर इधर-उधर बेचने चला जाता है। जितेंद्र की हत्या करके वह गांव से भाग गया था, लेकिन वह अपने कपड़े और अन्य सामान नहीं ले जा पाया था। वह दो-तीन दिन तक इधर-उधर छिपा रहा। इस दौरान चोरी छिपे कहीं से खाना मंगवाकर खाता रहा। रविवार सुबह वह दिल्ली भागने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पकड़ा गया।